हेल्थ / लाइफस्टाइल

Aadhar Card Update: सरकार ने आधार कार्ड के नियमों में कर दिया बदलाव, ये काम करना हो गया जरूरी….

नई दिल्ली 11 नवंबर 2022: सरकार ने आधार के नियमों में संशोधन कर आदेश जारी कर दिए हैं। केंद्र द्वारा जारी आदेश के मुताबिक आधार संख्या प्राप्त करने से 10 साल पूरा होने के बाद कम से कम एक बार इसमें अपडेट करना जरूरी होगा। इलेक्ट्रानिक्स और आईटी मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि आधार में अपडेट होने से केंद्रीय पहचान डेटा रिपोजिटरी (CIDR) में संबंधित जानकारी की निरंतर आधार पर सटीकता सुनिश्चित होगी।

संशोधन के मुताबिक, जिस दिन आधार नंबर के लिए एनरोलमेंट कराया गया, उस दिन से 10 साल पूरा होने पर आधार कार्डहोल्डर को पहचान प्रमाण पत्र और एड्रेस का प्रमाण पत्र जमा कर कम से कम एक बार आधार को अपडेट कराना होगा। इस बारे में आधार की एजेंसी यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी और इंडिया यानी कि UIDAI ने कहा है कि जिन लोगों ने 10 साल पहले आधार कार्ड बनवाया है और अभी तक एक बार भी अपडेट नहीं कराया है, उन्हें अपने पहचान पत्र और पता प्रमाण पत्र के साथ इसे अपडेट कराना जरूरी है।

नए नियम के मुताबिक, 10 साल में एक बार आधार को अपडेट कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए आधार की अथॉरिटी यूआईडीएआई ने नई गाइडलाइंस जारी की है। नए नियम में कहा गया है कि आधार में प्रूफ आफ आईडेंटिटी और एड्रेस प्रूफ अपडेट कराना होगा। अब तक देश में 135 करोड़ लोगों के आधार कार्ड बने हैं। सरकार ने 2010 में आधार कार्ड बनाने की शुरुआत की थी। 12 सालों में कई लोगों के राज्य बदलने से पुराने पते अमान्य हुए हैं। किराये के मकान में रहने वाले लोगों के पुराने एड्रेस अमान्य हो गए हैं। आधार को अपडेट नहीं कराने की सूरत में सर्विस डिलीवरी बंद होगी।

UIDAI ने पहले भी की थी अपील

आपको बता दें कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने पहले भी लोगों से अपने डॉक्यूमेंट्स और जरूरी डिटेल्स अपडेट कराने का आग्रह किया था कि जिन आधार धारकों ने दस साल या उससे ज्यादा पहले आधार कार्ड बनवाया था और उसके बाद उसे कभी अपडेट नहीं कराया ऐसे आधार धारक अपना आधार कार्ड अपडेट कराएं। हालांकि, UIDAI ने साफ किया है कि ऐसा करना अनिवार्य नहीं है लेकिन सरकार ने अब इसे जरूरी कर दिया है। दरअसल इसका मुख्य उद्देश्य आधार डेटाबेस में आधार कार्ड धारकों की जानकारी की निरंतर सटीकता सुनिश्चित करना है।

कहां करें अपडेट?

आधार को ऑनलाइन और ऑफलाइन अपडेट किया जा सकता है। ऑनलाइन आधार अपडेट करने के लिए https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पोर्टल पर जाकर खुद से अपडेट कर सकते हैं, अगर आप ऑफलाइन आधार कार्ड को अपडेट करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको नजदीकी आधार सेंटर जाना होगा लेकिन वहां इसके लिए आपको सर्विस चार्ज देना होगा।

ऑनलाइन कैसे अपडेट करें आधार कार्ड? (How to Update Aadhaar Card)

  • सबसे पहले माय आधार पोर्टल (https://myaadhaar.uidai.gov.in/) पर जाएं
  • आधार नंबर, कैप्चा और OTP डालकर लॉग इन करें.
  • इसके बाद आपके सामने Service Dashboard खुलेगा
  • इसके बाद आप सबसे आखिरी ऑप्शन Document Update पर क्लिक करें
  • इसके बाद आपको अपनी जानकारी वेरिफाई करनी होगा और दिए गए विकल्पों में से किसी एक डॉक्यूमेंट को आइडेंटिटी प्रूफ के लिए और एक डॉक्यूमेंट को एड्रेस प्रूफ के लिए अपडेट करना होगा।
  • आइडेंटिटी प्रूफ और एड्रेस प्रूफ मैच होने के बाद आपका डॉक्यूमेंट एक्सेप्ट किया जाएगा
  • इसके लिए आपको सर्विस चार्ज का पेंमेंट करना होगा
  • आधार अपडेट रिक्वेस्ट एक्सेप्ट होने के बाद आपको एक 14-अंकों का सर्विस रिक्वेस्ट नंबर मिलेगा।

सर्विस रिक्वेस्ट नंबर के जरिए आप अपनी रिक्वेस्ट को ट्रैक कर सकते हैं।

Back to top button