ब्यूरोक्रेट्स

CG BREAKING : डॉक्टर-कर्मचारियों को नोटिस: अस्पताल में गंदगी देख कलेक्टर भड़के, मेडिकल स्टाफ व कर्मचारियों को नोटिस

दुर्ग 01 फरवरी 2023/ आज कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा उतई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे। जांच के क्रम में संबंधित डॉक्टर एवं स्टाफ वहां उपस्थित थे। जहां कलेक्टर ने क्रमवार दवाई वितरण केंद्र, लैब व ओ.पी.डी. का निरीक्षण किया। अपने निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता से संबंधित अनियमितता पाई। जिसके कारण उन्होंने उपस्थित संबंधित अधिकारियों को प्रबंधन संबधित कडे़ निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मेडिकल आफिसर व लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया। उन्होंने दवाई वितरण केंद्र में पर्याप्त दवाईयों के स्टॉक और वैरायटी उपलब्ध है कि नहीं इससे संबंधित जानकारी भी स्टोर इंचार्ज से ली।


इसके पश्चात् कलेक्टर उतई और चंदखुरी के गौठान भी पहुंचे थे। जहां उन्होंने समूह द्वारा चलाई जा रही विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों का निरीक्षण किया। चंदखुरी के गौठान में भी पथरिया (डोमा) गौठान के तर्ज पर बायोफ्लॉक सिस्टम का निर्माण किया जा रहा है। जिसका उन्होंने बारिकी से निरीक्षण किया और मत्स्य विभाग के संबंधित अधिकारी से उससे संबंधित कार्य की प्रगति पर जानकारी ली। फिशरीज् इंस्पेक्टर के द्वारा बताया गया कि चंदखुरी गौठान में 07 बायोफ्लॉक टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। जिसके प्रत्येक यूनिट में तिलापिया मछली के बीज को डाला जायेगा। बॉयोफ्लॉक यूनिट को अत्याधुनिक तकनीक से लैस उपकरणों की सहायता से संचालित किया जाएगा। जिससे 05-06 महीने के अंतराल में ही समूह को लगभग 3 लाख 50 हजार के उपर लाभ होने की उम्मीद है। अपने निरीक्षण के दौरान दोनों गौठानों में कलेक्टर ने सोलर यूनिट लगाने के भी निर्देश दिये। ताकि गौठानों के प्रबंधन में कोई दिक्कत न आए।


कलेक्टर ने रिपा में शीघ्र प्रारंभ होने वाले गतिविधियों के संबंध में भी उपस्थित अधिकारियों से जानकारी ली। जिसमें अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि रिपा सेंटर में शीघ्र ही ईंट निर्माण, मोबाईल रिपेयरिंग और सिलाई केन्द्र स्थापित किया जाएगा। जिससे क्षेत्रीय लोगों को एक बड़े स्तर पर रोजगार प्राप्त होगा। कलेक्टर ने उद्यम और ले-आउट के अनुरूप संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर कातरो के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे थे जहां उन्होंने आंगनबाड़ी में स्थित बच्चों के साथ उनके आहार और आंगनबाड़ी में कराई जाने वाली एक्टिविटी के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही बच्चे नियमित रूप से आंगनबाड़ी पहुंचे इसके लिए उन्होंने सुपरवाइजर को नियमित रूप से बच्चों के साथ-साथ उनके पालकों के साथ भी संपर्क साधने के लिए निर्देशित किया।
स्कूलों में रिवीजन को लेकर रहे फोकस- कलेक्टर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला उतई भी पहुंचे थे। जहां उन्होंने वहां के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ परीक्षा से संबंधित तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने उपस्थित शिक्षकों से चर्चा के दौरान विद्यार्थियों के रिवीजन पर ज्यादा से ज्यादा फोकस करने के लिए कहा। उन्होंने शिक्षकों को ब्लू प्रिंट के आधार पर क्विक रिवीजन पर आधारित अध्यायवार संक्षिप्त नोटस बनाकर विद्यार्थियों को तैयारी करवाने के लिए कहा। ताकि बच्चे अंतिम समय पर बेहतर परिणाम हासिल कर सके। इसके अलावा उन्होंने एक्स्ट्रा क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए डाउट क्लियरिंग सेशन संचालित करने के निर्देश स्कूल के प्राचार्य को दिए।

Back to top button