ब्यूरोक्रेट्स

5 दिन पहले तक कलेक्टर छठे दिन जेल : घूस के लिए छोड़ नहीं रहे थे बंगला…..तलाशी के दौरान बंगले में महंगी शराब का मिला जखीरा…

अलवर 24 अप्रैल 2022। 5 लाख की घूस लेने के मामले गिरफ्तार IAS  नन्नूमल पहाड़िया को आज कोर्ट में पेश किया गया। कंस्ट्रक्शन कंपनी से 16 लाख की घूस मांगने वाले IAS नन्नूमल के बंगले की आज ACB की टीम ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान ACB को 30 से ज्यादा महंगी शराब की बोतलें मिली है। शराब की कीमत लाखों में बतायी जा रही है।

इससे पहले शनिवार को अलवर में IAS नन्नूमल पहाड़िया, राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अशोक कुमार सांखला, दलाल नितिन शर्मा को एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया था। नितिन शर्मा को 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था, जबकि पहाड़िया को कलेक्टर आवास व सांखला काे उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया। रिश्वत राशि दिल्ली-मुंबई नेशनल हाईवे पर एक फर्म के निर्माण कार्यों का बेरोकटोक चलने देने के एवज में बतौर मंथली ली गई थी। एसीबी ने दलाल नितिन शर्मा से रिश्वत राशि बरामद की। सांखला ने फर्म संचालक से इससे पहले भी 5 लाख रुपए मंथली ली थी। शनिवार को दूसरी किस्त ली थी।

एसीबी ने बताया, नन्नूमल आरएएस सांखला के जरिए फर्म संचालक से नवंबर 2021 से 4 लाख रु. मंथली ले रहे थे। सांखला 50 हजार रु. रखता था। फर्म ने जनवरी 2022 से मंथली नहीं दी थी। जयपुर तबादले के बाद नन्नूमल ने पिछले सप्ताह फर्म संचालक को फोन कर धमकाया था। नन्नूमल का 5 दिन पहले ही जयपुर में आयुक्त विभागीय जांच पद पर लगाया गया था। वह रिलीव भी हो चुके थे और उनकी जगह नए कलेक्टर जॉइन कर चुके हैं लेकिन नन्नूमल इसके बाद भी ‘बकाया’ वसूली में जुटे थे।

लाखों का शराब हुआ बरामद

पहाड़िया के घर महंगी शराब की 35 बोतलें मिली हैं। इनकी कीमत करीब 1 लाख रुपए है। एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि पूर्व डीएम शराब पीकर फर्म के अधिकारियों को मंथली देने के लिए भी धमकाता था। एसीबी की कार्रवाई के बाद पहाड़िया की तबीयत खराब होने लगी। जब उसे जेल ले जाया जा रहा था तो अचानक बीपी बढ़ गया। इसके बाद करीब 3 बजे उसे हॉस्पिटल ले जाया गया। पूर्व कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया का ट्रांसफर 14 अप्रैल को ही हो गया था। इसके बाद भी वे 10 दिन से कलेक्टर बंंगले में थे। इतने दिन से वे वसूली की रकम लेने के लिए बंगला भी नहीं छोड़ा। आरएएस अधिकारी अशोक सांखला के घर से भी शराब की बोतलें बरामद की गई हैं।

Back to top button