पॉलिटिकल

DA 4% बढ़ा : केंद्र के बाद इस कांग्रेसी मुख्यमंत्री ने भी महंगाई भत्ता बढ़ाया… कांग्रेस शासित इस राज्य में अब डीए हुआ 42%… आदेश जारी..

जयपुर 25 मार्च 2023। केंद्र के बाद राज्यों में भी महंगाई भत्ता बढ़ना शुरू हो गया है। राजस्थान सरकार ने भी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (DA) चार फीसदी बढ़ा दिया है। अब डीए 38 से बढ़कर 42 फीसदी हो गया है। वित्त विभाग ने कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रदेश के करीब आठ लाख कर्मचारियों और चार लाख पेंशनर्स को बढ़े हुए डीए का फायदा मिलेगा।

जारी निर्देश के मुताबिक बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी से मिलेगा। जनवरी से मार्च तक के तीन महीने का डीए कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा होगा। अप्रैल से बढ़ा हुआ डीए सैलरी के साथ मिलेगा। वर्कचार्ज कर्मचारियों को भी बढ़े हुए डीए का फायदा मिलेगा। बता दें कि हर छह महीने बाद कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़ाया जाता है। केंद्र सरकार के डीए बढ़ाते ही राज्य सरकार भी डीए बढ़ाती रही है।

सीएम गहलोत ने घोषणा के बारे में ट्वीट करते हुए बताया- इससे राज्य सरकार सालाना करीब 1640 करोड़ रुपए वहन करेगी। इस निर्णय से लगभग 8 लाख कर्मचारियों एवं 4.40 लाख पेंशनर्स को लाभ मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ राज्य कर्मचारियों व पेंशनर्स के अतिरिक्त पंचायत समिति तथा जिला परिषद के कर्मचारियों को भी देय होगा।

Back to top button