पॉलिटिकलहेडलाइन

CG POLITICS: CM के गढ़ में केंद्रीय मंत्री स्मृति और प्रियंका गांधी होंगी आमने-सामने,महिला वोटर्स को साधने भरेंगी चुनावी हुंकार

रायपुर 21 सितंबर 2023। छत्तीसगढ़ की सियासत में आज का दिन खास रहेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गढ़ में दो चुनावी सभाए है, जिस पर पूरे छत्तीसगढ़ की नजर रहेगी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज भूपेश बघेल के पाटन विधानसभा में चुनावी रैली कर बीजेपी और विजय बघेल के पक्ष में माहौल बनायेंगी। वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भिलाई में होने वाले पार्टी के सबसे बड़े महिला सम्मेलन में शिरकत कर चुनावी हुंकार भरेंगी। लोकसभा में बुधवार को महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद आज की दोनों सभाओं में महिला वोटर्स पर दोनों महिला नेत्रियों का विशेष फोकस रहेगा।

छत्तीसगढ़ में चुनावी चैसर बिछ चुका है, राजनीतिक दल एक-एक कर अपनी पारी चलकर एक दूसरे पर वार-पलटवार कर रहे है। एक तरफ सत्ता का वनवास काट रही बीजेपी प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकालकर सूबे की कांग्रेस सरकार पर लगातार हमलावर बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस भी कंेद्र सरकार की नीतियों को लेकर लगातार बीजेपी को घेरती नजर आ रही है। दोनों ही पार्टी के राष्ट्रीय नेता लगातार छत्तीसगढ़ का दौरा कर रहे है। इसी कड़ी में आज दुर्ग संभाग में कांग्रेस और बीजेपी की दो बड़ी राजनीतिक सभा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप आज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भिलाई में आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की है। माना जा रहा है कि महिला सम्मेलन के जरिये प्रियंका गांधी महिलाओं को उनके अधिकार और सम्मान की बातों को लेकर यहां से चुनावी हुंकार भरेंगी।

महिला सम्मलेन में संभागभर से महिलाएं शामिल होंगी। सरकार की योजनाओं का लाभ पा चुकी महिलाएं मंच पर प्रियंका गांधी का आभार प्रकट करेंगी। मदर्स मार्केट समेत संभाग की अलग-अलग महिलाएं प्रियंका गांधी के साथ इस सम्मेलन मे मंच पर नजर आएंगी।उधर आज ही के दिन बीजेपी की परिवर्तन यात्रा दुर्ग संभाग के पाटन पहुंच रही है। बीजेपी की परिवर्तन यात्रा में शामिल होने पहुंच रहे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी विजय बघेल के पक्ष में माहौल बनाने के साथ ही सीएम भूपेश बघेल के गढ़ में सेंध लगाने का प्रयास करेगी। एक दिन पहले ही लोकसभा में भारी बहुमत से महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद स्मृति ईरानी केंद्र सरकार की महिलाओं से सबंधित योजनाओं पर बात करके महिला वोटर्स को सीधे तौर पर साधने का प्रयास करेंगी।

गौरतलब है कि दुर्ग जिला मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के साथ ही दुर्ग संभाग पूरे प्रदेश में सबसे अह्म संभाग है। यहां से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत सूबे के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री और सरकार के प्रवक्ता रविंद्र चौबे,पीएचई मंत्री गुरु रूद्र कुमार और महिला विकास मंत्री अनिला भेड़िया आती हैं। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में दुर्ग संभाग की 20 सीटों में सिर्फ राजनांदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और वैशाली नगर से स्व. विद्यारतन भसीन ने जीत हासिल की थी। बाकि के बचे सभी 18 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर अपने खाते में कर लिया था। दुर्ग संभाग में सीटों के इस अंक गणित को बरकरार रखने के लिए जहां कांग्रेस ऐढ़ी-चोटी का जोर लगाये हुए है,वहीं दूसरी तरफ बीजेपी कांग्रेस के इस गढ़ में सेंधमारी कर सीटों के गणित को पलटने की जुगत में है। ऐसे में मुख्यमंत्री के विधानसभा पाटन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भिलाई में प्रियंका गांधी की चुनावी सभा पर आज पूरे प्रदेश की नजर रहेगी।

Back to top button