शिक्षक/कर्मचारीहेडलाइन

फेडरेशन की CM व डिप्टी सीएम से मुलाकात: वेतन विसंगति व संशोधन निरस्तीकरण के मुद्दे पर सीएम व डिप्टी सीएम से चर्चा, जल्द सरकार ले सकती है सहायक शिक्षक के हित में फैसला

रायपुर 15 दिसंबर 2023। प्रदेश में नयी सरकार बनते ही शिक्षक संगठन अपनी मांगों को लेकर लामबंद होने लगे हैं। पिछले 5 सालों में सरकार से मिली बेरूखी के बाद अब शिक्षकों को नयी सरकार से काफी उम्मीद है। लिहाजा, शिक्षक संगठन का प्रतिनिधिमंडल लगातार मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांगों से अवगत करा रहा है। आज सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल मनीष मिश्रा की अगुवाई में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिला। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री से सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने एकसूत्री मांग वेतन विसंगति पर तो चर्चा की ही।

साथ ही, मौजूदा वक्त में संशोधन निरस्तीकरण के मुद्दे पर परेशान हजारों शिक्षकों के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मंत्रिमंडल के गठन के साथ ही उनकी मांगों पर विचार किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति की मांगें और प्रमोशन संशोधन निरस्तीकरण का मामला सरकार के संज्ञान में है। विभाग के अधिकारियों से इस संदर्भ में बातचीत कर निराकरण कर लिया जायेगा। मनीष मिश्रा ने बताया कि संशोधन निरस्तीकरण की वजह से हजारों शिक्षक महीनों से परेशान हैं। उन्हें पिछली सरकार में जानबूझकर परेशान किया।

फेडरेशन की तरफ से ये भी बताया गया कि शिक्षकों की समस्या को लेकर फेडरेशन ने 5 साल तक सरकार के खिलाफ संघर्ष किया, उनकी मांगों को पिछली सरकार ने अनसुना कर दिया। इस बार नयी सरकार से उन्हें काफी उम्मीदें हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि मांगों पर सरकार काफी गंभीर है, इसका निराकरण जल्द ही कर दिया जायेगा।

Back to top button